नालंदा में MDM खाने से 34 बच्चे बीमार, मंत्री श्रवण कुमार ने सादर अस्पताल में बच्चों का जाना हाल
नालंदा के नूरसराय स्थित मध्य विद्यालय परासी में मिड डे मील खाने के बाद करीब 34 बच्चे बीमार हो गए. ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही.
नालंदा(NALANDA): जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय परासी में मिड डे मील का भोजन खाने के बाद करीब 34 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बच्चों की तबीयत खराब होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बीमार बच्चों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने बच्चों का हालचाल जाना
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. मंत्री ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत की और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली. सभी बच्चों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है.
मंत्री ने कहा चूक कहां हुई है इसकी पूरी जांच कराई जाएगी
मीडिया से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मिड डे मील परोसने के दौरान चूक कहां हुई, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि बच्चों को संदिग्ध और खराब भोजन परोसे जाने की बात सामने आ रही है. प्रथम दृष्टया मामले में लापरवाही दिखाई दे रही है. जांच में जो भी कर्मी या व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मिड डे मील की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर भी सवाल
मंत्री ने कहा कि राहत की बात यह रही कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी समय रहते मिल गई. इसके बाद सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज शुरू किया गया, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई. इस घटना के बाद स्कूल में परोसे जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की तबीयत आखिर किस वजह से बिगड़ी और भोजन तैयार करने या परोसने के स्तर पर किससे लापरवाही हुई.