बाप रे! शादी की जिद में सनकी प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका और 6 साल के बच्चे के साथ कर दिया ये कांड

बाप रे! शादी की जिद में सनकी प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका और 6 साल के बच्चे के साथ कर दिया ये कांड

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): मुजफ्फरपुर जिले से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग में एक सनकी आशिक इतना ज्यादा पागल हो गया कि उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद भी उसकी सनक नहीं मिटी तो उसने प्रेमिका के 6 साल के मासूम बेटे की भी हत्या कर दी. पूरा मामला 26 जुलाई का है, जब कांटी थाना क्षेत्र के नेता चौक स्थित एनटीपीसी के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला था.पुलिस ने शव की पहचान के लिए उसे एसकेएमसीएच भेज दिया. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को महिला के शव के पास एक छोटे बच्चे की चप्पल भी मिली थी. उस समय यह साफ नहीं हो पाया कि चप्पल किसकी है, लेकिन अब बच्चे का शव मिलने के बाद माना जा रहा है कि वह चप्पल आर्यन की थी. 27 जुलाई को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान 30 वर्षीय मंजू देवी के रूप में की. इसके बाद मंजू देवी के पिता विनोद साह ने कांटी थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई.

प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी महिला

शिकायत में उन्होंने बताया कि घटना के बाद से मंजू देवी का छह वर्षीय बेटा आर्यन भी लापता है और उसकी तलाश की मांग की. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर हरि पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, हरि पासवान का बेटा ही मंजू देवी के साथ प्रेम संबंध में था.जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मंजू देवी एक निजी अस्पताल में काम करती थीं. वहीं उनकी मुलाकात गांव के एक युवक से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. बताया जा रहा है कि मंजू देवी का अपने पति से पहले ही अलगाव हो चुका था और वह कथित प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थीं.पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के कारण आरोपियों ने मंजू देवी की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम देने के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया. इस मामले में प्रेमी के पिता हरि पासवान को जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य नामजद आरोपी अब तक फरार बताए जा रहे थे.

एक साथ मां बेटे के शव मिलने से फैल गई थी सनसनी

महिला का शव मिलने के छह दिन बाद शनिवार को उसी स्थान से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों से छह वर्षीय आर्यन का शव बरामद किया गया. शव काफी सड़-गल चुका था, जिससे इलाके में तेज बदबू फैल रही थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए.स्थानीय लोगों का कहना है कि 26 जुलाई को जब महिला का शव मिला था, उसी समय घटनास्थल के पास बच्चे की चप्पल भी बरामद हुई थी. परिजनों ने अगले ही दिन एफआईआर में बच्चे के लापता होने की जानकारी भी दी थी. इसके बावजूद पुलिस छह दिनों तक उसका पता नहीं लगा सकी. अब उसी इलाके से बच्चे का शव मिलने के बाद शुरुआती तलाशी और जांच पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि शुरुआत में ही पूरे इलाके की बारीकी से जांच की जाती तो संभव है कि बच्चे का शव पहले ही मिल जाता.

शव मिलने के बाद लोग जा रहे थे महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका

घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं. कुछ स्थानीय लोग महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जता रहे हैं. वहीं यह भी चर्चा है कि जिस अस्पताल में वह काम करती थीं, वहां कथित रूप से शराब पार्टी के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई. कुछ लोगों का यह भी दावा है कि अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले किसी केमिकल से शव के चेहरे को क्षतिग्रस्त किया गया ताकि उसकी पहचान न हो सके.यह भी चर्चा है कि छह वर्षीय आर्यन अपनी मां के साथ मौजूद था और उसने पूरी घटना देख ली थी. इसी वजह से उसकी भी हत्या कर दी गई. हालांकि इन सभी दावों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.

सोशल मीडिया पर महिला का फोटो वायरल होने के बाद खुला प्रेम प्रसंग का राज

इधर, मृतका की कुछ निजी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह एक युवक के साथ दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि तस्वीरों में दिख रहा युवक उसका कथित प्रेमी है. हालांकि पुलिस ने इन तस्वीरों की सत्यता की पुष्टि नहीं की है.पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विशेष टीम ने मुख्य आरोपी और मृतका के कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के आधार पर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. शनिवार को बच्चे का शव भी बरामद हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.