मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR):सोशल मीडिया पर आए दिन देश-दुनिया से ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिन्हें देखकर इंसानियत पर सवाल उठने लगते है. कहीं शिक्षक बच्चों के साथ बेरहमी करते नजर आते है तो कहीं बीच सड़क महिलाओं के साथ बदसलूकी की घटनाएं सामने आती है.इसी बीच बिहार के मुजफ्फरपुर से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी का भी खून खौल उठे.वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता नजर आ रहा है, लेकिन युवक उस पर लगातार प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से हमला करता रहता है. बुजुर्ग बार-बार हाथ जोड़कर कहता है, "बेटा, छोड़ दो", लेकिन युवक पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. हैरानी की बात यह है कि मारपीट के बाद युवक ने बुजुर्ग को जबरन थूक भी चटवाया, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया.
आख़िर इस बुज़ुर्ग की गलती क्या है पढ़िये
अब सवाल उठता है कि आखिर बुजुर्ग की गलती क्या थी.जानकारी के अनुसार, उसने कोई बड़ा अपराध नहीं किया था.दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया और युवक ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी.पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र का है, जहां दो ढाबा संचालकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे ढाबा संचालक के स्टाफ के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में उसे जबरन थूक भी चटाया.
पढ़िये पूरा मामला
बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.इस दौरान कुछ लोगों ने ढाबा कर्मी की जमकर पिटाई की. आरोप है कि मारपीट के बाद कर्मी को अपमानित करने के लिए उससे थूक भी चटवाया गया. मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. करजा थाना पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

