मुजफ्फरपुर(MUJAFFARPUR):मुजफ्फरपुर शहर के बैरिया बस स्टैंड में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट के कारण एक खड़ी बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर बस स्टैंड परिसर में मौजूद यात्रियों और लोगों में हड़कंप मच गया. लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास खड़ी अन्य बसों और वाहनों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया. स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया. जेसीबी की मदद से मौके पर बालू मंगवाकर जलती बस पर डाला गया, जिससे आग की तीव्रता को कम करने में मदद मिली और आसपास खड़े वाहनों को बचाया जा सका.

बैरिया बस स्टैंड में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.आग लगने के बाद बस स्टैंड परिसर में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बना रहा. आग की लपटें काफी तेज होने के कारण आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल था. स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों की तत्परता से आग को दूसरी बसों और वाहनों तक फैलने से रोकने में मदद मिली. समय रहते जेसीबी की मदद से बालू डालने और बाद में दमकल कर्मियों के पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित किया जा सका.
बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल
फिलहाल आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान की पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी. घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने बसों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ध्यान देने की जरूरत बताई है.

