मुजफ्फरपुर: नाला खुदाई में फटी PNG गैस पाइपलाइन, सात छात्राएं बेहोश, इलाके में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर: नाला खुदाई में फटी PNG गैस पाइपलाइन, सात छात्राएं बेहोश, इलाके में मचा हड़कंप

MUZAFFARPUR :बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित रोहुआ हाट के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाला निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन की टक्कर से पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई. पाइपलाइन टूटते ही तेज गति से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास का पूरा इलाका इसकी चपेट में आ गया. रिसाव का असर पास स्थित हाई स्कूल और मिडिल स्कूल तक पहुंचा, जहां कुछ ही देर में कक्षाओं के अंदर गैस फैलने लगी.

गैस की गंध और छात्रों की तबीयत बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्कूल के शिक्षकों ने तुरंत सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला और एहतियात के तौर पर स्कूल की छुट्टी कर दी. हालांकि, इससे पहले हाई स्कूल की सात छात्राएं गैस के प्रभाव में आ गईं और एक-एक कर बेहोश हो गईं. आनन-फानन में सभी छात्राओं को मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्राओं की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों और स्कूल प्रशासन के अनुसार, सड़क किनारे नाला खुदाई का काम जेसीबी मशीन से किया जा रहा था. इसी दौरान मशीन की टक्कर से भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और बड़े पैमाने पर गैस का रिसाव शुरू हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कराया और गैस रिसाव रोकने की कार्रवाई शुरू की. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.