मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटे की मौत, बूढ़ी गंडक नदी से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस 

मुजफ्फरपुर के चंदवारा घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी से मां-बेटे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों कल शाम से लापता थे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. मौके से स्कूटी भी बरामद हुई है.

मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटे की मौत, बूढ़ी गंडक नदी से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां चंदवारा घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी से मां-बेटे का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों देर शाम से घर से लापता थे और आज उनका शव नदी में डूबे हुए हालत में मिला. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मौके से स्कूटी भी बरामद की गई है. मृतकों की पहचान पिंकी देवी (38) और उनके बेटे आदर्श रौशन (17) के रूप में हुई है.

जांच में जुटी पुलिस 

मामले में मृतका के परिजन भाई संजय साह ने कहा कि कल रात को बहनोई ने कॉल करके बताया कि घर में बहन और भगिना नहीं है. दोनों गायब हैं, जिसके बाद सभी लोग उनकी खोजबीन में जुट गए थे. आज पुलिस के द्वारा ही यह बताया गया कि आप दोनों परिजनों के शव बूढ़ी गंडक नदी में मिले हैं. घटना कैसे और क्यों हुई है, इस बात की जांच पुलिस अच्छे से करे, ताकि स्पष्ट हो सके कि घटना किस कारण से हुई है. पिंकी देवी के पति डॉ. नीरज कुमार मूल रूप से शिवहर के रहने वाले हैं. डॉ. नीरज कुमार चंदवारा इलाके में क्लीनिक चलाते हैं. परिजनों ने बताया है कि आदर्श रौशन नीट की तैयारी कर रहा था. अपने बेटे की पढ़ाई के लिए ही परिवार चंदवारा में किराये का मकान लेकर रह रहा था.

पूरे मामले में अहियापुर थाना के अपर थाना प्रभारी साहुल कुमार ने बताया कि दो लोगों का शव बूढ़ी गंडक नदी से बरामद किया गया है. परिजनों के द्वारा बताया गया है कि दोनों आपस में मां-बेटे हैं और कल से गायब थे. पुलिस इस मामले में एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर मामले की जांच कर रही है. परिजनों का बयान लिया जा रहा है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कवायद की जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल सकेगी.