मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR) : जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक मजदूर की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है. मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मोतीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और अहियापुर के कोल्हुआ इलाके में किराए के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था.
अपराधियों ने सीर में दागी गोली
जानकारी के अनुसार, राकेश रोज की तरह अपने किराए के घर से काम पर जाने के लिए निकला था. इसी दौरान चौड़ जाने वाले रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में बेहद करीब से गोली मार दी. गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए, जबकि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
टीम ने कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और नगर डीएसपी विनीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
पहले से चल रहे विवाद में वारदात
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है. डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि मृतक के परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि राकेश का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. इसी वजह से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है.
सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. डीएसपी ने कहा कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा.

