खाकी शर्मसार ! न्याय की गुहार लगाने ससुराल पहुंची महिला को पुलिस ने बाल पकड़कर घसीटा, मारपीट का वीडियो वायरल

जिले से पुलिस की बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में न्याय की उम्मीद लेकर अपने ससुराल पहुंची एक असहाय महिला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्रता, बाल पकड़कर घसीटने और जबरन हिरासत में लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है.

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): जिले से पुलिस की बर्बरता और अमानवीय व्यवहार का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में न्याय की उम्मीद लेकर अपने ससुराल पहुंची एक असहाय महिला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्रता, बाल पकड़कर घसीटने और जबरन हिरासत में लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता का अपने पति चंदन के साथ प्रेम विवाह हुआ था. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा और वह अपने पति के घर पर ही रह रही थी. हालांकि, कुछ दिनों बाद जब उसे उसके मायके पहुंचा दिया गया, तो धीरे-धीरे ससुराल वालों का रवैया बदलने लगा. शुरुआत में पति और सास से बातचीत होती रही, लेकिन पिछले कुछ महीनों से चंदन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. जब महिला अपने हक और न्याय की गुहार लगाने वापस अपने ससुराल पहुंची, तो उसकी सास और ननद ने उसे घर में प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया. विवश होकर पीड़िता घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई और सोशल मीडिया के जरिए वीडियो बनाकर अपने अधिकारों की मांग करने लगी.

पीड़िता का आरोप है कि वह महादलित समुदाय से आती है, जिसके कारण उसके ससुराल वाले उसके साथ जातीय भेदभाव कर रहे हैं और उसे प्रताड़ित कर बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं. पीड़िता का कहना है कि अंतरजातीय विवाह होने की वजह से उसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है. वहीं, स्थानीय निवासियों का भी मानना है कि यदि मंदिर में सामाजिक सहमति से विवाह संपन्न हुआ था, तो मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और युवती को उसका उचित अधिकार मिलना चाहिए.

घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. ससुराल पक्ष से विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और कांटी थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की समस्या सुनने के बजाय उसे जबरन हिरासत में लेने की कोशिश की. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो एक महिला पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर घसीटते हुए उसे ज़मीन पर पटक दिया. किसी स्थानीय नागरिक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो चुका है.

पुलिस की इस हरकत पर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन हरकत में आया है. इस पूरे मामले पर पूछे जाने पर डीएसपी (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र में डायल-112 पुलिस टीम से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है. उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से तहकीकात की जा रही है. जांच में दोषी पाए जाने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.