मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पूजा करने मंदिर पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या

मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पूजा करने मंदिर पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने मंदिर में पूजा करने एक व्यवसायी की दिनदहाड़े गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे किताब व्यवसायी और प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद को अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.वही स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

पूजा करने पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या

जानकारी के मुताबिक, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे.जैसे ही वह मंदिर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली काफी करीब से मारी गई थी, जिसकी वजह से श्याम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

वहीं, सिवाईपट्टी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए है. जानकारी के मुताबिक, श्याम कुमार को दो गोलियां लगी थी. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.पुलिस ने प्रारंभिक जांच में जमीन के कारोबार और आपसी रंजिश के एंगल से जांच शुरू की है. हालांकि, परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.