मामुली विवाद में घर पर चढ़ कर गोलीबारी, चाय दुकान पर किसी बात से हो गया था बहस, लोगों ने एक को पकड़ा...
मुजफ्फरपुर में चाय दुकान पर हुए किसी विवाद की वजह से बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर पर चढ़ कर गोलीबारी की जिसमें एक महिला की जान बाल बाल बच गई. घटना के बाद लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में चाय दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद में बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर पर चढ़ कर फायरिंग कर दी. हालांकि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी लेकिन एक महिला बाल बाल जरूर बच गई. फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों ने बदमाश को घेर लिया और भागते वक्त एक बदमाश को पकड़ लिया जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया. घटना मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन गांव की है जहां चाय दुकान पर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर पर चढ़ कर फायरिंग की.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम अनिल कुमार राय मधुबन गांव चौक स्थित एक चाय दुकान पर चाय पी रहे थे. इसी दौरान वहां चार अन्य लोग पहुंचे. किसी बात को लेकर उनके और अनिल राय के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई, इसके बाद आरोपी वहां से चले गए. चाय दुकान पर हुए विवाद के बाद चारों आरोपी अनिल कुमार राय के घर पहुंच गए. वहां उन्होंने घर पर चढ़कर दो राउंड फायरिंग की. अचानक हुई गोलीबारी से घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान एक महिला गोली लगने से बाल-बाल बच गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
मामले में पुलिस ने लोगों के द्वारा पकड़े गए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि कुल 4 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी. मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी-एक सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार राय एक दुकान पर चाय पी रहे थे. इसी दौरान वहां पहुंचे चार लोगों के साथ किसी बात को लेकर उनकी बहस हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई. उन्होंने बताया कि विवाद के बाद सभी आरोपी अनिल कुमार राय के घर पहुंचे और वहां दो राउंड फायरिंग की. पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार तीन अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है.