मुजफ्फरपुर में टली लूट की बड़ी घटना, पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए की फायरिंग
मुजफ्फरपुर में टली लूट की बड़ी घटना, पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए फायरिंग भी की. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है. इस दौरान पुलिस ने एक राउंड फायरिंग भी की जिसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले.
पटना: बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार में पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण को लेकर कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में सोमवार की देर रात पुलिस ने एक एटीम लूट की बड़ी घटना को टाल दिया. इस दौरान पुलिस ने एक राउंड फायरिंग भी की जिसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले. घटना के बाद बैंक और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई. घटना मुजफ्फरपुर के गोबरसही डुमरी के समीप की है जहां कुछ बदमाश सोमवार देर रात स्टेट बैंक के एटीम में लूट की कोशिश कर रहे थे. हालांकि बदमाशों के मंसूबों पर तब पानी फिर गया जब ऐन मौके पर पुलिस पहुंच गई.
घटना को लेकर नगर एसडीपीओ 2 दीपक कुमार ने बताया कि बीती रात कुछ बदमाश गोबरसही डुमरी के समीप स्थित एसबीआई एटीएम से मशीन काट कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और बदमाश मौके से भाग निकले. उन्होंने बताया कि इस दौरान बदमाशों को पकड़ने और डराने के लिए पुलिस ने नियंत्रित रूप से एक राउंड फायरिंग भी की. उन्होंने कहा कि घटना के बाद बैंक की टीम और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. नगर एसडीपीओ 2 दीपक कुमार ने कहा कि बदमाशों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है साथ ही अन्य तरीके से भी बदमाशों की पहचान की जा रही है.