मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी के काफिले का वीडियो वायरल, RJD ने उठाए बड़े सवाल

मुंगेर (MUNGER) : बिहार के मुंगेर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी ममता चौधरी का है. वीडियो में उनके साथ कई गाड़ियों का लंबा काफिला, सायरन और पुलिस सुरक्षा दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में एक स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंची थीं.

 यह सुविधा किस आधार पर दी गई

इस वीडियो को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का कहना है कि आखिर ममता चौधरी किस अधिकार और किस हैसियत से सरकारी प्रोटोकॉल, पुलिस सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के साथ क्षेत्र का दौरा कर रही थीं. RJD ने यह भी पूछा कि यदि उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं है तो उन्हें यह सुविधा किस आधार पर दी गई.

पार्टी ने क्या दावा किया

RJD ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले यह कह चुके हैं कि उनकी पत्नी को किसी तरह की विशेष सुरक्षा या सरकारी प्रोटोकॉल प्राप्त नहीं है. लेकिन वायरल वीडियो में कथित तौर पर दर्जनों गाड़ियों का काफिला, पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी उनके साथ नजर आ रहे हैं. पार्टी ने दावा किया कि डीएम और एसपी भी उनके साथ मौजूद थे.

विपक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि ममता चौधरी किस अधिकार से एक विद्यालय का निरीक्षण कर रही थीं और अधिकारियों को निर्देश दे रही थीं. RJD ने सरकार पर परिवारवाद और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा में कटौती की जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री के परिवार को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं.

इस मामले को लेकर RJD प्रवक्ता शक्ति यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की. हालांकि, इस वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों पर सरकार या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में यह मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है और विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है.