Bihar: मंडल कारा में बंद हत्या के आरोपित ने छत से लगाई छलांग, इलाज के दौरान हुई मौत

Bihar: मंडल कारा में बंद हत्या के आरोपित ने छत से लगाई छलांग, इलाज के दौरान हुई मौत

TNP DESK: मुंगेर मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद हत्या के एक आरोपित बंदी की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया गया कि बंदी ने जेल की छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया. हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

मृतक की पहचान हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मधुबन दरियापुर गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है. वह कपिलदेव बिंद का पुत्र था. पुलिस के अनुसार, मनीष को इसी वर्ष 18 मई को अपने सगे भाई नीतीश कुमार की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. आरोप है कि उसने भाई पर सोते समय हथौड़े से हमला कर उसकी जान ले ली थी. गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में मंडल कारा में बंद था.

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बंदी जेल की छत तक आखिर पहुंचा कैसे. जेल नियमों के तहत किसी भी बंदी का छत पर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होता है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में चूक की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. इस घटना ने जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

जेल अधीक्षक किरण देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह मनीष अचानक जेल की छत पर पहुंच गया और वहां से नीचे कूद गया. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

जेल प्रशासन का दावा है कि मनीष की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव या असामान्य स्थिति के कारण उसने यह कदम उठाया. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है.