मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों से मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर माहौल,पढ़िए पूरी खबर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों से मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर माहौल,पढ़िए पूरी खबर

मुंगेर (MUNGER) : बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. इसी क्रम में माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के कर-कमलों द्वारा मुंगेर जिला के तारापुर प्रखंड अंतर्गत मॉडल विद्यालय के रूप में चयनित विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है. मॉडल विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाएं, स्वच्छ परिसर, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.

शिक्षा किसी भी राज्य के विकास की मजबूत नींव होती है

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य के विकास की मजबूत नींव होती है. सरकार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षकों की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है. मॉडल विद्यालयों की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि चयनित विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके. अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया.

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि मॉडल विद्यालयों के संचालन से क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा.