मुंगेर (MUNGAR): जिले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सुंदरडीह भलार गांव में कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक युवक और उसकी मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई. जिसके बाद मामले की जानकरी पुलिस को मिली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.
दरअसल, दिलखुश यादव अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने युवक को घेरकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि जब दिलखुश यादव की मां अनिता देवी अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की. मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे.
घटना में घायल दिलखुश यादव को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए धरहरा थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपियों में फंटूश चौधरी, विपिन चौधरी, मंगल चौधरी सहित अन्य लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं.
धरहरा थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

