मुंगेर ( BIHAR) : मुंगेर जिले में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर स्नान करने गई चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां गंगा की तेज धारा में डूब गईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. अब तक एक किशोरी का शव बरामद किया गया है, जबकि अन्य चार की तलाश जारी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्नान करने और गंगाजल भरने गई थीं घाट पर
जानकारी के अनुसार बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की चार पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी तथा पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरने के लिए घाट पर गई थीं. बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान सभी किशोरियां गंगा में उतर गईं. इसी बीच वे अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगीं.
युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत वासुदेवपुर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया गया. इसके बाद युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
चार किशोरियों की तलाश जारी
काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीम ने संगीता कुमारी को गंगा से बाहर निकाला. हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य चार किशोरियों की तलाश खबर लिखे जाने तक जारी थी। बचाव दल लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहा है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गंगा घाट पर पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग लापता किशोरियों की सुरक्षित बरामदगी की दुआ कर रहे हैं.
दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोरा
पुलिस प्रशासन ने बताया कि एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि लापता किशोरियों को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

