मुंगेर(MUNGER):मुंगेर के जमालपुर में गुरुवार को ED की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली जहां करोड़ों रुपये की निवेश ठगी मामले में जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर छापेमारी की गई.मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत ईडी की टीम ने कई दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और डिजिटल उपकरणों की जांच शुरू की है. फिलहाल कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज के निदेशक के घर छापेमारी
ईडी की टीम स्थानीय पुलिस के साथ जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर पहुंची. टीम ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने वित्तीय दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच की. इस मामले के प्राथमिक आरोपी जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी अधिकारियों ने पूछताछ की है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराने और बाद में कार्यालय बंद कर देने का आरोप
गौरतलब है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिटफंड की तर्ज पर निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराने और बाद में कार्यालय बंद कर देने का आरोप है. कंपनी का कार्यालय 18 नवंबर 2024 को बंद होने के बाद कई निवेशकों ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था. पुलिस जांच के दौरान कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव लंबे समय तक फरार रहे थे, बाद में उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. अब ईडी मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के पहलुओं की जांच कर रही है. माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

