दिवाली के अवसर पर मुंगेर में जलाए गए 11 लाख 11 हजार 111 दिए, सीएम सम्राट ने किया उद्घाटन
श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना. मुंगेर और भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य होगा शुरू.
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को मुंगेर जिला के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीपावली पर्व की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्वलित कर आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया. यूथ क्लब कल्याणपुर द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक दीपोत्सव में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए. दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में मुख्यमंत्री ने विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा मां दुर्गा से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने के इस पावन और ऐतिहासिक अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है. बिहार में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का भव्य आयोजन मुंगेर के कल्याणपुर की धरती पर हो रहा है. भगवान श्रीराम जब अधर्म पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे, तब दीपावली मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई. यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश देता है. मैं समस्त बिहारवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर विकास कार्यों में जुटे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. हमारी सरकार उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है. मां लक्ष्मी एवं मां सरस्वती से हमारी कामना है कि बिहार निरंतर प्रगति करे और राज्य के सभी लोग सुखी एवं समृद्ध हों.
मुख्यमंत्री ने गंगा नदी से होनेवाली बाढ़ एवं किसानों की फसलों को पहुंचने वाली क्षति का उल्लेख करते हुए कहा कि दशहरा के समय नेपाल की तराई तथा सोन नदी के माध्यम से आनेवाला पानी गंगा नदी में मिला और कई क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हुई. गंगा नदी के जल का समुचित प्रबंधन एवं उपयोग किसानों के हित में अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए 2 नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया गया है. गंगा नदी से गाद निकालने तथा जल प्रबंधन के माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा. उन्होंने कहा कि गंगा नदी के पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जाएगा. विभिन्न स्थानों पर बांध एवं जल संरचनाओं के माध्यम से गंगा का पानी पहुंचाने की योजना है. सभी आवश्यक जल संरचनाओं के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा, ताकि उनकी फसलों की सिंचाई हो सके और किसानों के चेहरे पर खुशहाली आए.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा. इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर की धरती से निकलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद से आज मुझे मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा करने का अवसर मिला है. मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि बिहार में उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है. हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था बनायेंगे कि बिहार के किसी भी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े. बेहतर नौकरी, व्यवसाय एवं रोजगार के अवसर बिहार में ही उपलब्ध कराए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है. बिहार में उद्योगों का विस्तार होगा, निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि मां लक्ष्मी, भगवान श्रीराम, मां दुर्गा एवं मां सरस्वती से हमारी यही कामना है कि बिहार निरंतर आगे बढ़े, समृद्ध बने और राज्य का प्रत्येक परिवार खुशहाल हो. उन्होंने कल्याणपुर में इतने भव्य एवं ऐतिहासिक दीपोत्सव के आयोजन के लिए यूथ क्लब, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ नीतीश चंद्र दुबे तथा स्थानीय लोगों को बधाई दी और सभी बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कल्याणपुर के स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया. इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मनोज यादव, विधान पार्षद एन के यादव, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ अरुण पोद्दार, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ नीतीश चंद्र दुबे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.