भाजपा युवा मोर्चा की नई टीम में विधायक मैथिली ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बिहार से और भी नाम है सूची में...
बिहार के अलीनगर से विधायक मैथिली ठाकुर को भाजपा युवा मोर्चा में जिम्मेदारी दी गई है. उनके साथ ही तीन अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय कमिटी में पदाधिकारी बनाया गया है.
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय युवा मोर्चा टीम का गठन किया है जिसकी अब घोषणा भी कर दी गई है. भाजपा युवा मोर्चा की टीम में बिहार के अलीनगर से विधायक मैथिली ठाकुर को भी जगह दी गई है. इस टीम में बिहार की मैथिली ठाकुर और विनीत कुशवाहा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है. जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर भाजयुमो राष्ट्रीय कमिटी का गठन किया गया है जिसमें कई राज्यों के युवा नेताओं को जगह दी गई है.
भाजयुमो की नई टीम का ऐलान राष्ट्रीय अध्यक्ष और बड़ोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने किया है. सूची जारी करते हुए उन्होंने कहा था कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सदस्यों को भाजपा युवा मोर्चा का राष्ट्रीय पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. उन्होंने यह भी कहा था कि नई नियुक्तियां तत्काल ही प्रभाव से लागू होंगी। बीजेपी युवा मोर्चा की नई टीम में मैथिली ठाकुर और विनीत कुशवाहा के अलावा बिहार के राज राजेंद्र सिंह का भी नाम है. इन्हें बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. साथ ही बिहार के ही राहुल झा को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है. बिहार के हिमांशु यादव को बीजेपी युवा मोर्चा का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है. जबकि मानवेंद्र चौहान को भाजयुमो का राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह प्रभारी बनाया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, नई कमिटी में 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 7 राष्ट्रीय मंत्री और 3 राष्ट्रीय महामंत्री को नियुक्त किया गया है. बिहार के नेताओं के अलावा दूसरे राज्यों के नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई. उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया. जबकि झारखंड के अमन यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया. इसी तरह यूपी, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के नेता भी शामिल हैं.