मधुबनी: फर्जी पासपोर्ट और अवैध वीजा गिरोह का पर्दाफाश, 62 पासपोर्ट समेत चार शातिर गिरफ्तार
मधुबनी में पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 62 पासपोर्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मधुबनी में पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 62 पासपोर्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मधुबनी (MADHUBANI): जिले में घोघरडीहा थाना पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने अलग अलग राज्यों और जिलों से जारी 62 मूल पासपोर्ट, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है. मामले में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. घोघरडीहा थाना की पुलिस टीम हनुमान चौक के पास रात में गश्त और विशेष वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान शत्रुपट्टी की ओर से बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. उनकी पहचान मो. इरशाद और रफी अहमद के रूप में हुई.
पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर भारत के अलग-अलग राज्यों और जिलों से जारी 62 मूल पासपोर्ट, पांच खाली रजिस्ट्री लिफाफे और दो मोबाइल फोन बरामद हुए. पूछताछ में मो. इरशाद ने कथित तौर पर बताया कि उसके पिता मो. आरजू ग्रामीण डाक सेवक मो. अदनान हुसैन के पते पर देश के विभिन्न हिस्सों से पासपोर्ट मंगवाते थे. इसके बाद इरशाद और रफी इन पासपोर्ट को पटना और कानपुर के एजेंटों मयंक और श्रवण तक पहुंचाते थे. जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए कथित मुख्य सरगना मो. आरजू और डाककर्मी मो. अदनान हुसैन को भी उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. दोनों के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए.
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, पूछताछ में मो. आरजू ने बताया कि रूस में रहने के दौरान वह अंतरराष्ट्रीय एजेंटों के संपर्क में आया था. आरोप है कि वर्ष 2024 से वह डाककर्मी की मिलीभगत से विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों के पासपोर्ट मंगवाता था और प्रति पासपोर्ट करीब दो लाख रुपये लेकर टूरिस्ट वीजा के जरिए उन्हें अवैध तरीके से विदेश भेजने का काम करता था. पुलिस ने यह भी बताया कि गिरोह पर अन्य लोगों के नाम से फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेज तैयार कर तस्करी का सिंडिकेट चलाने का आरोप है. घोघरडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.