मधुबनी(MADHUBANI):जिले के केरवार गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में नहाने गए आठ बच्चे अचानक डूब गए, जिसमें 5 की मौत हो गई है साथ ही 2 की हालत नाजुक बनी है.
वही स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चों को पानी से बाहर निकाला और गंभीर हालत में अनुमंडल अस्पताल बेनीपट्टी पहुंचाया जहां हालत गंभीर बनी हुई है. बाद में प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या पांच बताई गई है, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
घटना के बाद केरवार गांव में कोहराम मच गया है. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय बच्चे खेलते-खेलते जेसीबी से बने गहरे गड्ढे के पास पहुंचे और अचानक उसमें नहाने के लिए उतर गए. पानी की गहराई और फिसलन के कारण वे बाहर नहीं निकल सके.
घटनास्थल पर गड्ढे के किनारे सात जोड़ी चप्पलें पाई गई हैं, जो हादसे की भयावहता को और स्पष्ट करती हैं. प्रशासन को जैसे ही सूचना मिली, बेनीपट्टी के एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति का जायजा लिया. मृतकों में एक बच्ची की पहचान केरवार गांव निवासी 12 वर्षीय स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है. बाकी मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. अनुमंडल पदाधिकारी शरंग पाणि पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है. उन्होंने पुष्टि की कि कुल पांच बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि दो बच्चे अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.