कैमूर (KAIMUR) : दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. विभाग की टीम ने एक 14 चक्का ट्रक से करीब 4815 लीटर शराब बरामद की है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने ट्रक के चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया है.
बिहार आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी
उत्पाद विभाग के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यूपी की ओर से बिहार आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान पंजाब नंबर के ट्रक PB13B8166 को रोककर तलाशी ली गई. पहली नजर में ट्रक में सड़े हुए गोबर जैसी खाद भरी हुई दिखाई दी. टीम ने जब गहराई से जांच की तो खाद के बीच लोहे से बनाया गया एक गुप्त तहखाना मिला.
करीब 4815 लीटर शराब जब्त की गई
तहखाना खोलने पर उसके अंदर बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें रखी मिलीं. जांच के बाद करीब 4815 लीटर शराब जब्त की गई. अधिकारियों के मुताबिक शराब की यह खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है. दोनों हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं. उत्पाद विभाग दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप मंगाने और इसे बिहार में पहुंचाने वाले लोगों का पता लगाने में जुटा है.
गुप्त सूचना पर ट्रक की तलाशी ली गई थी
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. शराब की बोतलों पर दर्ज बैच नंबर मिटा दिए गए थे. आशंका है कि शराब की पहचान और उसके स्रोत का पता न चल सके, इसलिए तस्करों ने ऐसा किया था.उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक की तलाशी ली गई थी. शराब को बेहद शातिर तरीके से लोहे के तहखाने में छिपाया गया था. फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

