IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू यादव को बड़ी राहत, कोर्ट ने ईडी को जारी किया नोटिस

ईडी की जांच के आधार पर लालू यादव और अन्य के विरुद्ध आईआरसीटीसी होटल घोटाला में दिल्ली कोर्ट ने आरोप तय किए जाने का आदेश था. अब इस मामले में उन्हें बड़ी राहत मिली है

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू यादव को बड़ी राहत, कोर्ट ने ईडी को जारी किया नोटिस

पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव को आईआरसीटीसी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में हुई सुनवाई में कोर्ट ने लालू यादव के विरुद्ध आरोप तय किए जाने को चुनौती देने वाली याचिका पर ईडी को नोटिस जारी किया है. न्यायमूर्ति सचिन दत्ता की पीठ ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद अगली सुनवाई 3 दिसंबर को करने की तारीख तय की है.

मामले में राजद सुप्रीमो लालू यादव ने 10 सितंबर को याचिका दाखिल कर आरोप तय करने के आदेश पर सवाल उठाए थे. अब हाईकोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई तक ट्रायल कोर्ट में राहत मांगने की छूट दी है. सितंबर महीने में मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दिल्ली की एक विशेष अदालत ने जरुरी फैसला सुनाया था. इस दौरान कोर्ट की ओर से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था.

मामले को लेकर ईडी ने 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002' के तहत जांच शुरू की थी. मामला रांची और पुरी के रेलवे होटलों के संचालन का ठेका देने से जुड़ा है. ईडी का आरोप है कि इन दोनों होटलों का ठेका सुजाता होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था. जांच एजेंसी का दावा है कि इसके बदले पटना की करीब 2 एकड़ जमीन को कम कीमत पर एक कंपनी के जरिए हासिल किया गया.

जांच एजेंसी का आरोप है कि लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री रहते हुए अपने पद का इस्तेमाल रेलवे होटलों का ठेका सुजाता होटल्स को दिलाने में किया. लेकिन लालू परिवार लगातार इन आरोपों को नकारता रहा है, लेकिन कोर्ट में सुनवाई जारी है.