बिहार के लखीसराय में दर्दनाक हादसा,घोघी बरियारपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

बिहार के लखीसराय में दर्दनाक हादसा,घोघी बरियारपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

लखीसराय (BIHAR) : जिले के अभयपुर और घोघी बरियारपुर हाल्ट के बीच स्थित राजपुर रेल पुल संख्या-382 के पास एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना किऊल-जमालपुर डीएमयू पैसेंजर ट्रेन से हुई. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. हालांकि बताया जा रहा है कि वह आसपास के किसी गांव का रहने वाला था.

हॉर्न बजाकर उसे हटने की चेतावनी दी

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक कुछ देर से रेलवे पटरी के आसपास घूम रहा था. इसी दौरान घोघी बरियारपुर हाल्ट से किऊल-जमालपुर डीएमयू ट्रेन खुली. ट्रेन चालक ने युवक को पटरी के पास देखकर खतरे की आशंका जताई और लगातार हॉर्न बजाकर उसे हटने की चेतावनी दी. इसके बावजूद युवक पटरी से नहीं हटा.

युवक ट्रेन की चपेट में आने से मौत

बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन घटनास्थल के करीब पहुंची, युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की गई.

इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें.

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है. यदि यह आत्महत्या का मामला है तो उसके पीछे के कारणों का भी पता लगाया जाएगा. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.