किशनगंज: कमरे में फंदे से लटका मिला नर्स का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच जारी
किशनगंज के पश्चिमपाली स्थित निजी अस्पताल में कार्यरत जीएनएम नर्स तजल्ली खातून का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
किशनगंज(BIHAR) : बिहार के किशनगंज जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित पश्चिमपाली में एक निजी नर्सिंग होम रेडियंट अस्पताल में कार्यरत जीएनएम नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गुंजरिया निवासी तजल्ली खातून के रूप में हुई है. उनका शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई
परिजनों के अनुसार, देर रात राहुल नामक युवक ने तजल्ली की रूममेट को फोन कर बताया कि तजल्ली उसका फोन नहीं उठा रही है. इसके बाद जब रूममेट कमरे पर पहुंची तो उसने तजल्ली का शव फंदे से लटका हुआ देखा. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और परिजनों का बयान भी दर्ज किया गया.
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग रखी
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और राहुल नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है. उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने यह भी बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा मामले में नामजद राहुल की तलाश जारी है.
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. तब तक पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.