कारोबार में जानी दुश्मन बन बैठा पड़ोसी! मौका पाते ही बाप-बेटे को एक साथ मार दी गोली

खगड़िया शहर में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर सामने आया है, जहां शहर के पुरानी एसडीओ रोड में बाइक सवार दो अपराधियों ने पिता-पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

कारोबार में जानी दुश्मन बन बैठा पड़ोसी! मौका पाते ही बाप-बेटे को एक साथ मार दी गोली

खगड़िया (KHAGARIA): खगड़िया शहर में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर सामने आया है, जहां शहर के पुरानी एसडीओ रोड में बाइक सवार दो अपराधियों ने पिता-पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घायलों की पहचान व्यवसायी सज्जन खेतान और उनके पुत्र कन्हैया खेतान के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, कन्हैया खेतान की पुरानी एसडीओ रोड में प्लाई की दुकान है. ऐसे में दुकान बंद करने के बाद दोनों पिता-पुत्र पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी. गोलीबारी में सज्जन खेतान की पीठ में गोली लगी, जबकि उनके बेटे कन्हैया खेतान के हाथ में गोली लगी. बताया जा रहा है कि दोनों के शरीर में गोली फंसी हुई है.

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को बेगूसराय रेफर कर दिया गया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही खगड़िया सांसद राजेश वर्मा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पिता-पुत्र का हालचाल जाना. उन्होंने परिजनों से भी बातचीत की. सांसद ने बताया कि दोनों अपने प्रतिष्ठान से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो लोगों ने उन पर गोली चला दी. फिलहाल दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, लेकिन शरीर में गोली फंसी होने के कारण बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया है.

सांसद राजेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने तत्काल पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह से बात कर घटना की जानकारी दी है. उन्होंने अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की. सांसद ने कहा कि व्यापारियों के बीच भय का माहौल पैदा करना खगड़िया और बिहार के हित में नहीं है. शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाके में हुई इस गोलीबारी से व्यापारी वर्ग में चिंता और दहशत का माहौल है. आखिर अपराधियों ने पिता-पुत्र को किस वजह से निशाना बनाया? क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद है? फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं. शहरवासियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.