खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, डाक बम की सेवा कर रहे 3 युवकों की सड़क हादसे में मौत

खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र में उसराहा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. मृतक डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे थे. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है.

खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, डाक बम की सेवा कर रहे 3 युवकों की सड़क हादसे में मौत

खगड़िया(KHAGARIA):बिहार के खगड़िया जिले में सोमवार कोएक भी सड़क हादसा हुआ जहां बेलदौर थाना क्षेत्र में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. यह हादसा उसराहा पुल के पास हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.मृतकों की पहचान बेलदौर प्रखंड के पीपरा बासा निवासी 19 वर्षीय नीतीश कुमार, 20 वर्षीय नीरज कुमार और बेलदौर नगर पंचायत निवासी 26 वर्षीय काजू कुमार के रूप में हुई है.

बाइक की आमने-सामने टक्कर में हुआ भीषण हादसा

बताया जा रहा है कि एक बाइक पर दो युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था. दोनों बाइक अपने-अपने रास्ते से आ रही थीं. इसी दौरान उसराहा पुल के समीप दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई.

परिवार में मातम

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे. तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की खबर से इलाके के लोग भी गमगीन हैं.स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों युवक डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है.हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.