BREAKING: खगड़िया में ‘आग का गोला’ बनी यात्री बस, 50-60 तीर्थयात्रियों ने ऐसे बचाई जान

खगड़िया के मानसी में NH-31 पर करीब 50-60 तीर्थयात्रियों से भरी बस में अचानक भीषण आग लग गई. सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, जबकि बस जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

BREAKING: खगड़िया में ‘आग का गोला’ बनी यात्री बस, 50-60 तीर्थयात्रियों ने ऐसे बचाई जान

खगड़िया (KHAGARIA): बिहार के खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में आधी रात के बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. NH-31 पर यात्रियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने के समय बस में करीब 50 से 60 तीर्थयात्री सवार थे. अचानक उठती आग की लपटों को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकलने में सफल रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

अनिल होटल के सामने हुआ हादसा

घटना मानसी थाना क्षेत्र में अनिल होटल के सामने सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है. यात्री बस सड़क पर चल रही थी, तभी उसमें अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और बस का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया. बस में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद होने के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सभी यात्री सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धूकर जलने लगी. आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि, घटना में किसी यात्री की जान जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मानसी थाना प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार, सीएनजी बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए. सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चलती बस में आग किस वजह से लगी. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी थी.