बिहार: खगड़िया के सरकारी स्कूल में भरभराकर गिरी सीढ़ी, मलबे में दबकर छात्रा की मौत
बिहार के खगड़िया से बुधवार को एक हादसे की खबर सामने आई है. मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित पासवान टोला के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में अचानक सीढ़ी का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया.
खगड़िया(KHAGARIA): बिहार के खगड़िया से बुधवार को एक हादसे की खबर सामने आई है. मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित पासवान टोला के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में अचानक सीढ़ी का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया. हादसे के वक्त स्कूल में मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आ गए. सीढ़ी के मलबे में दबने से 9 वर्षीय छात्रा रितिका कुमारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायल तीनों बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है. वहीं, रितिका की मौत की खबर से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. हादसे के बाद ग्रामीणों में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की स्थिति को लेकर भी चिंता देखने को मिली. फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है कि आखिर अचानक सीढ़ी किस वजह से ध्वस्त हुई.
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची. सदर एसडीएम धनंजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने हादसे में घायल बच्चों के इलाज की स्थिति की भी जानकारी ली है. स्कूल भवन की सीढ़ी किस स्थिति में थी और उसके ढहने के पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.