कटिहार (KATIHAR):बिहार सरकार इन दिनों भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जा रहा है. इसी बीच बिहार के कटिहार जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है.वायरल हो रहे इस वीडियो में बारसोई अंचल के बलतर पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन एक शख्स से पॉलीथिन कैरी बैग में पैक 95 हजार रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जिला प्रशासन ने इसकी जांच शुरू करने की बात कही है.
बिहार में खुलेआम घूसखोरी का खेल
बताया जा रहा है कि रविकांत रंजन पिछले दो साल से अधिक समय से बलतर पंचायत में पदस्थापित हैं. आरोप है कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) समेत अन्य राजस्व संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम की मांग की जाती है.वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है. लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, सरकारी दफ्तरों में काम कराने आने वाले लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है.मामले की जानकारी मिलते ही कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी. अगर जांच में वीडियो सही पाया जाता है और संबंधित कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
पढ़ें डीएम ने क्या कहा
डीएम ने कहा कि कटिहार जिला प्रशासन पहले भी भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई करता रहा है और दोषी कर्मचारियों को निलंबित भी किया गया है. उन्होंने दोहराया कि बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है और किसी भी शिकायत या वायरल वीडियो को हल्के में नहीं लिया जाएगा.फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है. अब सबकी नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं और इस मामले में आखिर किसके खिलाफ कार्रवाई की गाज गिरती है.

