Breaking: घाट से लौट रहे दो भाइयों को अग्निशमन की गाड़ी ने रौंदा, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
छठ पर्व के तीसरे दिन कटिहार में बड़ा हादसा हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जम कर हंगामा किया. लोगों ने सड़क पर आगजनी करते हुए जाम कर दिया जिससे अफरातफरी का माहौल हो गया
कटिहार: छठ पर्व के तीसरे दिन कटिहार में बड़ा हादसा हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जम कर हंगामा किया. लोगों ने सड़क पर आगजनी करते हुए जाम कर दिया जिससे अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना कटिहार मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीटीकर गांव के समीप की है. बताया जा रहा है कि छठ से घर लौट रहे दो भाइयों को अग्निशमन की एक गाड़ी में रौंद दिया. घटना में दोनों भाई बुरी तरह से जख्मी हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने आननफानन में अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया जहां से डॉक्टर ने कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. हादसे में जख्मी दोनों भाइयों की पहचान समीर और दीपक के रूप में की गई है.
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों किशोर छठ घाट से लौट रहा था इसी दौरान अग्निशमन की एक गाड़ी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. घटना में एक बच्चा वहीं गिर गया जबकि दूसरा गाड़ी में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने किसी तरह से निकाला और अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर आगजनी की. लोगों ने किशोरों की हालत नाजुक बताते हुए मुआवजे की मांग की. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया. इस दौरान छठ घाट से लौट रहे श्रद्धालु और व्रतियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने में जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनन्द भी मौके पर पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों से मिलकर उनकी बारी को सुनी और मामले को शांत कराया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनन्द ने कहा कि एक बच्चे की स्थिति अभी ठीक है जबकि दूसरे की स्थिति गंभीर है. उसे इलाज के लिए पुर्णिया रेफर किया गया है. उन्होंने अग्निशमन की गाड़ी दुर्घटना होने की पुष्टि की.