कटिहार: टोटो की सीट फाड़ने पर 13 साल की भतीजी को पीट-पीटकर मार डाला, चाची समेत 4 पर आरोप
कटिहार में टोटो की सीट फाड़ने के विवाद में 13 साल की बच्ची की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई. मामले में चाची समेत 4 लोगों पर आरोप है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है.
कटिहार(KATIHAR):बिहार के कटिहार जिले से आज रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां परिवार के लोगों ने ही एक 13 साल की बच्ची की पीट-पीटकर हत्या कर दी. बच्ची की गलती बस इतनी थी कि उसने टोटो की सीट फाड़ दी थी. पूरा मामला कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र के शब्दा रुचदेव सिमरिया का है, जहां टोटो की सीट फाड़ने का विवाद खूनी खेल में बदल गया. आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने 13 साल की बच्ची अंजली कुमारी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों के मुताबिक, टोटो की सीट फाड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था.
सभी ने मिलकर कर दी पिटाई
आरोप है कि इसी दौरान बच्ची के बड़े पापा, बड़ी मम्मी, भाभी समेत परिवार के अन्य लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. हालत बिगड़ने के बाद बच्ची की मौत हो गई. मृतका के पिता दिलीप कुमार मंडल और मां सुलेखा देवी का पहले ही निधन हो चुका है. घटना में टोटो मालिक अखिलेश मंडल, उसकी पत्नी मंजू देवी समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई. टीम ने मौके से कई नमूने और साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बच्ची की मौत की पूरी वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद साफ होगी. घटना से परिवार में मातम और इलाके में आक्रोश है.