जमुई में छेड़खानी के बाद कटिहार में नाबालिग पर फेंका ऐसिड! एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कटिहार के हरलगा गांव में 12 साल की बच्ची पर खिड़की से केमिकल जैसा पदार्थ फेंके जाने का मामला सामने आया है. पुलिस एसिड अटैक की आशंका की जांच कर रही है.
कटिहार (KATIHAR): बिहार के जमुई में छात्रा के साथ छेड़छाड़ मामले के बाद कटिहार जिले से ऐसा मामला सामने आया है जिसने बेटियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल कटिहार में 12 साल की नाबालिग बच्ची पर खिड़की के रास्ते केमिकल जैसा पदार्थ फेंके जाने का मामला सामने आया है. घटना सालमारी थाना क्षेत्र के हरलगा गांव की बताई जा रही है. बच्ची के चेहरे और शरीर पर जलन की शिकायत के बाद परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. परिवार ने अज्ञात व्यक्ति पर एसिड अटैक की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, पुलिस ने अभी घटना में एसिड के इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जानकारी के मुताबिक, बच्ची रात में अपने घर के कमरे में सो रही थी. इसी दौरान खिड़की के रास्ते किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उस पर कोई केमिकल जैसा पदार्थ फेंक दिया. पदार्थ पड़ने के बाद बच्ची को चेहरे और शरीर पर तेज जलन महसूस हुई, जिसके बाद उसने शोर मचाया. आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत कमरे में पहुंचे और बच्ची को संभाला. परिजनों के अनुसार, बच्ची की हालत देखकर वे घबरा गए और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए. घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई. परिवार ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर बच्ची को निशाना बनाया है. उन्होंने मामले की जांच कर आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
फोरेंसिक जांच से सामने आएगी सच्चाई
मामले की सूचना मिलने के बाद सालमारी थाना पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस घटना के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है. जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि बच्ची पर वास्तव में कौन सा पदार्थ फेंका गया था. इसके लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है. घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों और पदार्थ के नमूने की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना के समय मौजूद परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है. खिड़की के जरिए पदार्थ फेंके जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने किस तरह घटना को अंजाम दिया.
बताते चलें कि फिलहाल एसिड अटैक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची पर कौन सा रसायन या पदार्थ फेंका गया था और घटना के पीछे क्या कारण था. नाबालिग से जुड़ी इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.