जहानाबाद (BIHAR) : बिहार के जहानाबाद जिले में अवैध बालू खनन को लेकर बृहद झड़प हो गया. घोसी थाना क्षेत्र के चैती पिपरा के पास फल्गु नदी में बालू उठाव को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद झड़प में बदल गया. इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. इस गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
अफरा-तफरी का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. फल्गु नदी के आसपास का इलाका कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया.
फायरिंग में सात घायल
घायलों में रामपुर गांव के धीरज कुमार के सीने में गोली लगी है. वहीं चैती पिपरा गांव के सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार और रेशम भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इसके अलावा गिन्जी गांव के विष्णु कुमार भी इस घटना में जख्मी हुए हैं.
सदर अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. पुलिस ने घायल विष्णु कुमार और विजय कुमार को सुरक्षित बाहर निकालकर पहले घोसी अस्पताल पहुंचाया. बाद में सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया.
सभी का इलाज जारी
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहां सभी का इलाज जारी है.
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अवैध बालू खनन और फायरिंग में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

