जहानाबाद: जमीन विवाद में खूनी झड़प, दोनों पक्षों के 10 लोग घायल, 5 गिरफ्तार
जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई.घटना में 10 लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है. पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
जहानाबाद (JAHANABAD): जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में जमीन से जुड़े पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. घटना में दोनों पक्षों के कुल 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
एक पक्ष के छह लोग हुए घायल
घटना में एक पक्ष से अरविंद कुमार, विजय यादव, धनंजय कुमार, दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी समेत छह लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया. इलाज के दौरान दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी की स्थिति गंभीर पाई गई. इसके बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया..मारपीट में दूसरे पक्ष को भी चोटें आई हैं. इस पक्ष से द्वारिका यादव समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी है. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. इस तरह दोनों पक्षों को मिलाकर कुल 10 लोग इस घटना में जख्मी हुए हैं.
पहले से चल रहा था जमीन का विवाद
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष मिर्जापुर गांव के ही रहने वाले हैं. उनके बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था. मंगलवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिससे गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, एक पक्ष की तरफ से विजय यादव और दूसरे पक्ष की ओर से द्वारका प्रसाद ने पुलिस को आवेदन दिया है. दोनों आवेदनों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की तत्काल वजह क्या थी और मारपीट में किन-किन लोगों की भूमिका रही.