DJ बंद कराने पर भड़का बवाल! जमुई के झाझा में पुलिस पर पथराव, थानाध्यक्ष समेत 6 जख्मी

जमुई के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बंद कराने और जब्त करने को लेकर विवाद बढ़ गया. पुलिस पर पथराव में थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

DJ बंद कराने पर भड़का बवाल! जमुई के झाझा में पुलिस पर पथराव, थानाध्यक्ष समेत 6 जख्मी

जमुई (JAMUI): बिहार के जमुई जिले के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर हंगामा हो गया. डीजे पर कथित रूप से अश्लील गाना बजाने से रोकने और डीजे जब्त किए जाने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों और थाना परिसर की ओर पथराव शुरू हो गया. घटना में झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है. सभी घायलों को इलाज के लिए झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

थाना गेट के पास डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि झाझा थाना क्षेत्र के सोहजना इलाके में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था. विसर्जन जुलूस देर रात करीब 12 बजे झाझा थाना गेट के पास पहुंचा. इस दौरान डीजे पर कथित अश्लील गाना बजाया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, काफी देर तक तेज आवाज में गाना बजने के बाद थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को समझाने का प्रयास किया. इसके बावजूद डीजे बंद नहीं किए जाने पर पुलिस ने डीजे को जब्त कर लिया.

पुलिस और थाना परिसर पर पथराव

डीजे जब्त किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. थाना परिसर की तरफ भी पथराव किया गया. अचानक हुए हमले में थानाध्यक्ष समेत करीब आधा दर्जन पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए. हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा उपकरण और बॉडी प्रोटेक्टर पहनकर उपद्रव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा. घटना के बाद आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और करीब तीन घंटे तक थाना क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा.

पांच आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों के नशे में होने की बात सामने आई है. मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. हंगामे और पथराव के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया. झाझा बीडीओ और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गणेश प्रतिमा का विसर्जन कराया गया. झाझा थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.