खाना खाने के बाद जमुई में एक ही परिवार के 7 लोग बीमार अचानक बिगड़ी तबियत 

खाना खाने के बाद जमुई में एक ही परिवार के 7 लोग बीमार अचानक बिगड़ी तबियत

जमुई(JAMUI):जमुई झाझा प्रखंड के रजला गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही परिवार के सात सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) झाझा में भर्ती कराया गया.घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल बन गया.

रात का खाना खाने के बाद बिगड़ी ताबियत

जानकारी के अनुसार, बीमार होने वालों में चिंता देवी, किरण देवी, लडलु पंडित, पूजा देवी, सौरभ कुमार, हेमंती देवी और प्रियंका कुमारी शामिल है. परिजनों ने बताया कि सोमवार रात सभी ने घर में बनी रोटी और सब्जी का भोजन किया था.भोजन करने के कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को बेचैनी महसूस होने लगी शुरुआत में इसे सामान्य समस्या समझा गया, लेकिन थोड़ी ही देर में एक-एक कर सभी लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गया.

सदस्यों की हालत एक साथ बिगड़ने से घर में हड़कंप

परिवार के कई सदस्यों की हालत एक साथ बिगड़ने से घर में हड़कंप मच गया. स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने ग्रामीणों से मदद मांगी. ग्रामीणों के सहयोग से सभी मरीजों को देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया.अस्पताल में भर्ती मरीज चिंता देवी ने बताया कि रात का भोजन करने के बाद अचानक परिवार के सभी लोगों की तबीयत खराब होने लगी.कुछ ही समय में हालत इतनी बिगड़ गई कि सभी को अस्पताल लाना पड़ा.घटना के बाद परिवार के सदस्यों में भय और चिंता का माहौल बना रहा.

पढ़े डॉक्टर ने क्या कहा

सीएचसी झाझा में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. सादाब ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर सभी मरीजों की जांच की गई और आवश्यक दवाएं तथा प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति पहले से बेहतर है और किसी की हालत गंभीर नहीं है.डॉ. सादाब के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है. आशंका जताई जा रही है कि भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी के कारण परिवार के सदस्य बीमार हुए है.हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच और चिकित्सीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और मरीजों के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है.