जमुई में तेल माफियाओं का आतंक, आधी रात में पाइपलाइन काटकर करोड़ों के क्रूड ऑयल की चोरी, पुलिस भी रह गई हैरान

जमुई में तेल माफियाओं का आतंक, आधी रात में पाइपलाइन काटकर करोड़ों के क्रूड ऑयल की चोरी, पुलिस भी रह गई हैरान

जमुई (BIHAR) : बिहार के जमुई जिले में तेल माफियाओं ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस और तेल कंपनी दोनों की चिंता बढ़ा दी है. झाझा थाना क्षेत्र के बाराजोर के पास इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर तेल चोरी की घटना सामने आई है. यह घटना पाइपलाइन के प्वाइंट संख्या 409.5 के पास हुई.

बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया

जानकारी के अनुसार, कंपनी के कंट्रोल रूम को पाइपलाइन में अचानक प्रेशर कम होने का संकेत मिला. इसके बाद कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि चोरों ने पाइपलाइन के ऊपर बड़ा गड्ढा खोदकर पाइप में वाल्व लगा दिया और उसी के जरिए क्रूड ऑयल की चोरी की. इस पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.

चोरी का तेल वाहन के जरिए ले जाया गया

घटना की सूचना मिलते ही झाझा थाना के एसएचओ मिंटु कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. घटनास्थल पर चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए तेल को वाहन के जरिए ले जाया गया.

आईओसीएल की 16 सदस्यीय मेंटेनेंस टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया. मेंटेनेंस कर्मी मोहम्मद कलीम ने बताया कि फिलहाल पाइपलाइन पर अस्थायी कवर लगाकर उसे ठीक किया जा रहा है. इसके बाद परीक्षण के उपरांत तेल की आपूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी.

पुलिस ने तकनीकी टीम की भी मदद ली

तेल कंपनी के अभियंता अतुल्य शिवम ने बताया कि इस मामले में पुलिस को आवेदन देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं पुलिस ने तकनीकी टीम की भी मदद ली है ताकि अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके.

पुलिस और तेल कंपनी दोनों सतर्क हुए

इस घटना ने इलाके में सक्रिय तेल माफियाओं की बढ़ती गतिविधियों को उजागर कर दिया है. पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है. इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना के बाद पुलिस और तेल कंपनी दोनों सतर्क हो गए हैं.