बड़ी खबर: जमुई नाबालिग की तस्वीर शेयर करने वालों पर FIR दर्ज, CMO के स्टेनोग्राफर समेत कई पर केस
जमुई की नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के मामले में सचिवालय थाने में FIR दर्ज की गई है. FIR में CMO के स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.
जमुई(JAMUI): जमुई की नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के मामले में अब पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पटना के सचिवालय थाने में यह मामला पुलिस अवर निरीक्षक सुमित्रा कुमारी की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आधिकारिक X हैंडल से साझा की गई थी. तस्वीर सामने आने के बाद नाबालिग की पहचान सार्वजनिक होने को लेकर सवाल उठे थे. रिपोर्टों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के X हैंडल से पोस्ट की गई तस्वीर बाद में हटा दी गई.
FIR में मुख्यमंत्री कार्यालय के स्टेनोग्राफर सागर प्रसाद का नाम भी शामिल है. शिकायत के मुताबिक, तस्वीर को सागर प्रसाद ने X पर अपलोड किया था, जिसके बाद यह सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी शेयर होने लगी. पुलिस ने इस मामले में सागर प्रसाद के अलावा अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है. शिकायत में नाबालिग पीड़िता की पहचान सामने आने को गंभीर मामला बताया गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब जमुई मामले से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने और नाबालिग की पहचान उजागर करने वाले कई अकाउंट्स के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है. बिहार पुलिस ने लोगों से ऐसे वीडियो या सामग्री को शेयर और रीपोस्ट नहीं करने की अपील की है.
सचिवालय थाने में दर्ज FIR में BNS की धारा 73, POCSO एक्ट की धारा 23 और आईटी एक्ट की धारा 66E तथा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्वीर सबसे पहले किसके जरिए सोशल मीडिया पर डाली गई और इसके बाद किन-किन लोगों ने उसे आगे शेयर या रीपोस्ट किया. जांच में सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी देखा जाएगा. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस FIR के बाद जमुई मामले में नाबालिग की पहचान सार्वजनिक होने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.