छठ सिर्फ आस्था नहीं भावना भी: ट्रेन और फ्लाइट में नहीं मिला टिकट तो ऑटो और बाइक से पहुंच गए बिहार
छठ पर्व को बिहार के लोग महज त्योहार या व्रत के रूप में नहीं मनाते हैं बल्कि यह लोगों की भावना भावना से जुड़ा हुआ है. तभी तो इस पर्व को मनाने के लिए लोग देश के विभिन्न शहर क्या विदेशों तक से अपने घर लौट आते हैं
पटना: कहा जाता है कि छठ पर्व को बिहार के लोग महज त्योहार या व्रत के रूप में नहीं मनाते हैं बल्कि यह लोगों की भावना भावना से जुड़ा हुआ है. तभी तो इस पर्व को मनाने के लिए लोग देश के विभिन्न शहर क्या विदेशों तक से अपने घर लौट आते हैं. इस पर्व को लेकर लोगों की भावना ऐसी है कि दुनिया की हर सुख सुविधा छोड़ने के लिए तैयार रहते हैं. दुर्गा पूजा खत्म होते ही बिहार की गलियों में बिहार कोकिला के नाम से मशहूर पद्म विभूषण शारदा सिन्हा की आवाज में छठ गीत गूंजने लगते हैं. वहीं बिहार से बाहर रहने वाले लोग भी अपने घर आने की तैयारी में जुट जाते हैं. हजारों की संख्या में लोग दो से तीन महीने पहले ही टिकट बुक कर लेते हैं.

सैकड़ों ट्रेन और बस भी पड़े कम, किराया आसमान में
छठ पर्व से बिहार के लोगों का जुड़ाव ही तो है जिसकी वजह से हजारों ट्रेन और सैकड़ों हवाई जहाज चलाए जाने के बावजूद कम पड़ जाती है. ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जाती है. इस वर्ष भी आलम कुछ ऐसा ही देखने के लिए मिला. एक तरफ रेलवे ने 100 से अधिक विशेष ट्रेनें दूसरे शहरों से बिहार आने के लिए चलाई तो दूसरी तरफ राज्य सरकार ने सैकड़ों बसों का परिचालन किया बावजूद इसके टिकट के लिए मारामारी चल रही है. ट्रेनों के डिब्बों में लोग भर भर कर बिहार आ रहे हैं. इतना ही नहीं आलम यह है कि ट्रेनों में तिल रखने की जगह नहीं है. दूसरी तरफ हवाई जहाज के किराए में 4 से 10 गुना तक बढ़ोतरी कर दी गई, बावजूद इसके बिहार आने वाले लोगों की संख्या में कमी नहीं हो रही.
नहीं मिला टिकट तो चल दिए अपनी सवारी से
छठ पर्व मनाने के लिए बिहार आने वाले लोगों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्था के बावजूद साधन कम पड़ गए. छठ पर्व मनाने की ललक ही तो जिसकी वजह से इस वर्ष लोगों ने बिहार आने का मन टिकट नहीं मिलने की वजह से नहीं बदला, बल्कि जिसके पास जो साधन है उसी से चल पड़े बिहार, अपने घर की तरफ. सैकड़ों लोगों ने टिकट नहीं मिलने पर अपने भाग्य को नहीं कोसा बल्कि चल दिए अपनी खुद की सवारी से. लोग अपने पास मौजूद कार, ऑटो और बाइक से ही बिहार के लिए निकल पड़े.
बाइक और ऑटो से भी चले बिहार
एक परिवार को मुंबई से बिहार आने के लिए टिकट नहीं मिला तो उस परिवार ने अपने भाग्य को नहीं कोसा बल्कि अपनी ऑटो को ही सवारी बना लिया और परिवार के साथ निकल पड़े करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा पर. वहीं दिल्ली से चार दोस्त भी अपनी ऑटो से बिहार के लिए निकल पड़े. जबकि करीब दर्जन भर लोग ऐसे भी हैं जो अपने दोस्त या परिवार के साथ दिल्ली से बाइक से ही बिहार के लिए निकल गए. वहीं ऐसे सैकड़ों लोग जिनके पास अपनी कार है, वह उसी से निकल पड़े. हालांकि बाइक और ऑटो से छठ मनाने बिहार के लिए जाते देख दूसरे राज्यों के लोग तो हँसे लेकिन बिहार के लोग इसे आस्था के रूप में लेकर सराहना करते दिखे.
लोगों ने कहा 'सुगम भी और आरामदायक भी'
ऑटो, बाइक और कार से बिहार आने वाले लोगों ने कहा कि एक तरफ ट्रेनों में तिल रखने की जगह नहीं है तो दूसरी तरफ हवाई जहाज के किराए में चार से पांच गुना की बढ़ोतरी हो गई. ऐसे में अगर छठ मनाने घर जाना है तो हिम्मत तो करनी ही होगी. लोगों ने कहा खुद की सवारी से बिहार आने का निर्णय लेना सार्वजनिक वाहनों से आसान और सस्ता भी है. अगर ट्रेन से आएं तो घंटों पैर रखने की भी जगह नहीं मिलेगी जबकि अगर हवाई जहाज से जाएं तो एक ही आदमी के लिए हजारों खर्च करने पड़ेंगे. ऐसे में अगर अपनी सवारी से जाएं तो एक साथ कई लोग आराम से जा सकते हैं. जहां दिल करे, रुक कर खाना पानी और चाय पी सकते हैं. इससे प्रति व्यक्ति किराया भी कम हो जाता है तो दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट से घर तक जाने के लिए सवारी खोजने का झंझट भी खत्म. सीधे अपनी गाड़ी से घर तक पहुंच सकते हैं और वापसी में भी उसी प्रकार लौट सकते हैं. इसके साथ ही जितना दिल चाहे उतना सामान भी अपने साथ लेकर जा सकते हैं.