हाजीपुर (HAZIPUR) : बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला और पथराव कर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें बड़ी संख्या में लोग पुलिस टीम से उलझते और पथराव करते दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया
बताया जा रहा है कि महनार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार से जुड़े एक मामले में फरार आरोपी देशराजपुर के बजरंगबली चौक के पास मौजूद है. सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी अनिल पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया.आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही उसके परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि करीब 200 लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया. इसी अफरा-तफरी के बीच आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर उसके समर्थक फरार हो गए.
पथराव और कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप
मामला इसके बाद और तनावपूर्ण हो गया. स्थानीय चौकीदार के घर पर भी पथराव और कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप है. सामने आए वीडियो में चौकीदार और उसके समर्थकों की ओर से भी जवाब में पथराव होता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि चौकीदार के पुत्र और आरोपी पक्ष के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद था. आरोपी पक्ष को शक था कि चौकीदार के परिवार ने ही पुलिस को उसके इलाके में मौजूद होने की सूचना दी थी.
हमला करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार फायरिंग में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. घटनास्थल से चार से पांच खोखे बरामद किए जाने की बात कही गई है और प्रारंभिक तौर पर हवाई फायरिंग की बात सामने आई है.महनार थाना पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

