बाढ़ (PATNA) : बख्तियारपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बेचने वाले युवक को गिरफ्तार किया है. खास बात यह रही कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस खुद ग्राहक बनकर उसके संपर्क में पहुंची. युवक जब हथियार लेकर तय जगह पर पहुंचा तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया. उसके पास से एक देशी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
एक विशेष छापेमारी टीम का किया गठन
एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फतुहा थाना क्षेत्र का एक युवक बख्तियारपुर इलाके में अवैध हथियार बेचने का काम करता है. सूचना मिलने के बाद बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया.
पुलिस टीम पहले से ही मौके पर मौजूद थी
योजना के तहत पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क में आए और उससे हथियार की मांग की. तय स्थान पर आरोपी सफेद स्कॉर्पियो वाहन से हथियार लेकर पहुंचा. पुलिस टीम पहले से ही मौके पर मौजूद थी. जैसे ही युवक पहुंचा, पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित कर उसे पकड़ लिया.
फतुहा के गोविंदपुर गांव का रहने वाला था शख्स
गिरफ्तार युवक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो फतुहा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव का रहने वाला है. पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें से एक देशी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए.
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह हथियार कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि पूछताछ और जांच में जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.
इस सफल कार्रवाई के लिए छापेमारी टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है. पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा.

