गोपालगंज में यूपी नंबर की कार हादसे का शिकार, पुलिस पहुंचने से पहले बोतलें लेकर भागे लोग

गोपालगंज में यूपी नंबर की कार हादसे का शिकार, पुलिस पहुंचने से पहले बोतलें लेकर भागे लोग

गोपालगंज (BIHAR) : बिहार के गोपालगंज जिले में शराब तस्करी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया. भोरे-कटेया मुख्य मार्ग पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी थी. हादसे के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और शराब की बोतलें उठाकर ले जाने लगी. सूचना मिलने पर भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.

विदेशी शराब की पेटियों से भरी हुई थी कार

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो उन्होंने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा. पास जाकर देखने पर पता चला कि कार विदेशी शराब की पेटियों से भरी हुई थी. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. पुलिस को सूचना देने के बजाय कई लोग शराब की बोतलें उठाकर अपने साथ ले जाने लगे. देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जिसे जितनी बोतलें मिलीं, वह लेकर वहां से निकल गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले कार में सवार लोग और शराब ले जाने वाले अधिकांश लोग मौके से फरार हो चुके थे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने भेज दिया है.

शराब तस्करों की पहचान करने में जुटी पुलिस

पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और शराब तस्करों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के किस इलाके से लाई जा रही थी और बिहार में इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.