अपने पैतृक गांव के स्कूलों में पहुंचे शिक्षा मंत्री, छात्रों से की बात, शिक्षकों को कहा 'बनायें बेहतर माहौल'
पैतृक गांव डुमरिया और दुबौली के मिडिल स्कूलों का किया निरीक्षण. कक्षा में जाकर बच्चों से समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश. इस दौरान कभी अभिभावक तो कभी गुरु की भूमिका में दिखे.
गोपालगंज: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को गोपालगंज प्रवास के दौरान अपने पैतृक गांव डुमरिया के मिडिल स्कूल और दुबौली कन्या मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया. शिक्षा मंत्री ने कक्षा में जाकर बच्चों और शिक्षकों से बात की. इस दौरान वे कभी अभिभावक तो कभी गुरु की भूमिका में नजर आए. शिक्षा मंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के बारे में पूछा और उनकी बातें ध्यान से सुनीं.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने करीब आधे घंटे तक दोनों विद्यालयों में घूम-घूमकर वहां की व्यवस्थाओं को देखा. उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए. उनका जोर इस बात पर रहा कि बच्चों को विद्यालय में पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और जरूरी सुविधाएं मिलें.