गोपालगंज के बेटे की विदेश में मौत, मिसाइल हमले का दावा, आधिकारिक पुष्टि बाकी

गोपालगंज के बेटे की विदेश में मौत, मिसाइल हमले का दावा, आधिकारिक पुष्टि बाकी

गोपालगंज (BIHAR) :  बिहार के गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड के विदेशी टोला निवासी मर्चेंट नेवी के मरीन इंजीनियर रोहन कुमार उर्फ सोनू गुप्ता की विदेश में मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है.

मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे

रोहन कुमार, संजय गुप्ता के पुत्र थे और मर्चेंट नेवी में मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. परिजनों के अनुसार वह एडीएनओसी (ADNOC) से जुड़ी एक कंपनी में नौकरी कर रहे थे. ड्यूटी के दौरान उनका जहाज सऊदी अरब के समुद्री क्षेत्र में मौजूद था.

परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक के छोटे भाई आलोक कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से फोन कर पहले यह सूचना दी गई कि रोहन मिसाइल हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इसके लगभग एक घंटे बाद दोबारा फोन आया, जिसमें उनके निधन की जानकारी दी गई. यह खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर पर रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.

घटना के बाद भाजपा के गोपालगंज जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरी उर्फ मंटू गिरी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रोहन कुमार का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए और शोकाकुल परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए.

आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

फिलहाल परिवार पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहा है. हालांकि, रोहन कुमार की मौत को लेकर कंपनी या संबंधित सरकारी एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में मिसाइल हमले में मौत का दावा फिलहाल परिजनों की सूचना पर आधारित है और इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.