बर्थडे पार्टी में बाइक की चाबी को लेकर हुआ विवाद, रेस्टोरेंट कैप्टन की चाकू से गोदकर करदी गई हत्या

गोपालगंज में एक होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं परिजन और स्थानीय लोगों ने आक्रोशित हो कर जम कर हंगामा किया. घटना गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी में स्थित एक निजी होटल की है.

बर्थडे पार्टी में बाइक की चाबी को लेकर हुआ विवाद, रेस्टोरेंट कैप्टन की चाकू से गोदकर करदी गई हत्या

गोपालगंज: गोपालगंज में एक होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं परिजन और स्थानीय लोगों ने आक्रोशित हो कर जम कर हंगामा किया. घटना गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी में स्थित एक निजी होटल की है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि होटल में काम करने वाले एक कर्मी का जन्मदिन था जिसे सभी कर्मी मना रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसमें एक व्यक्ति ने दूसरे को चाकू मार दी. गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टर ने गोरखपुर रेफर कर दिया. गोरखपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के टड़वा निवासी अनीश के रूप में की गई.

बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ विवाद, मार दी चाकू

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बीती रात होटल में काम करने वाले किचन स्टाफ राहुल का जन्मदिन मनाया जा रहा था. इस दौरान सारे स्टाफ जमा थे. इस दौरान मुजफ्फरपुर निवासी गौतम ने अनीश से बाइक की चाबी मांगी और उसने मना कर दिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया जो बाद में हिंसक हो गया. इस विवाद के दौरान गौतम ने अनीश पर चाकू से हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. आनन फानन में वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने गंभीर स्थिति देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया. गोरखपुर ले जाने के क्रम में उसकी रास्ते में ही मौत हो गई.

होटल कर्मियों ने आरोपी को पकड़ किया पुलिस के हवाले

जानकारी के अनुसार गौतम ने होटल में काम करना बंद कर दिया था लेकिन बर्थडे पार्टी मनाने आया था. घटना के बाद होटल कर्मचारियों ने गौतम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल राहुल और सुजॉय को भी थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन इलाके से गिरफ्तार किया है. पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है.

परिजनों ने किया हंगामा

अनीश की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और होटल के सामने शव रख कर हंगामा करने लगे. लोग आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की. सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की. फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है. मामले की जांच जारी है और विवाद के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है.