पितृपक्ष मेला 2026 : गयाजी में आज से महासंगम, CM सम्राट चौधरी करेंगे शुभारंभ

गयाजी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 का आज शुभारंभ होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गांधी मैदान में आयोजित समारोह में मेले का उद्घाटन करेंगे.

पितृपक्ष मेला 2026 : गयाजी में आज से महासंगम, CM सम्राट चौधरी करेंगे शुभारंभ

गयाजी(GAYAJI):बिहार के गयाजी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 का शुक्रवार, 25 सितंबर को शुभारंभ होने जा रहा है. पितरों के मोक्ष और पिंडदान के लिए प्रसिद्ध इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गांधी मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे.

विष्णुपद मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री गया पहुंचने के बाद विष्णुपद मंदिर जाएंगे. यहां वे पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री देवघाट क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. देवघाट के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां टेंट सिटी में पितृपक्ष मेला महासंगम का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया है. इस वर्ष पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा.

श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम

पितृपक्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है. विष्णुपद मंदिर, प्रमुख पिंडवेदियों, घाटों और भीड़ वाले इलाकों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवा, यातायात, पार्किंग और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाएं भी की गई हैं. गांधी मैदान में 2500 बेड की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की गई है. बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है.

प्रशासन का विशेष जोर भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने पर है. पितृपक्ष के दौरान गयाजी में पिंडदान और तर्पण के लिए देश के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं.