गया (GAYA): बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां गाजियाबाद से दुल्हन लेने पहुंचे एक युवक को शादी के कुछ ही घंटों बाद बड़ा झटका लगा. आरोप है कि नई नवेली दुल्हन जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई. पीड़ित की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि यह किसी संगठित ठगी गिरोह का काम हो सकता है.
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी रविंद्र कुमार की शादी कराने की बात अलीगढ़ के एक व्यक्ति के माध्यम से हुई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात शकील नाम के एक एजेंट से कराई गई. एजेंट रविंद्र को गया लेकर आया, जहां उसकी मुलाकात एक युवती और खुद को उसके परिजन बताने वाले लोगों से कराई गई. बातचीत के बाद दोनों पक्षों की सहमति से शादी तय हुई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह भी संपन्न कराया गया.
रविंद्र का आरोप है कि शादी से पहले दुल्हन ने खरीदारी, कपड़े और मेकअप का हवाला देकर उससे अच्छी-खासी रकम भी ली. शादी के दौरान उसने अपनी पत्नी को सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया समेत कई आभूषण भी दिए. इसके अलावा शादी से जुड़ी अन्य तैयारियों पर भी उसने काफी खर्च किया.
पीड़ित के अनुसार, विवाह संपन्न होने के बाद एजेंट शकील ने कहा कि कुछ जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी करानी है. इस बहाने वह दुल्हन को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया. रविंद्र का कहना है कि एजेंट अपने साथ एक लाख रुपये नकद भी ले गया था. काफी समय बीतने के बाद जब दोनों वापस नहीं लौटे तो उन्हें फोन किया गया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले. इसके बाद काफी तलाश की गई, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला.
रविंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि विदाई से पहले शादी के दौरान बनाई गई वीडियो रिकॉर्डिंग और मोबाइल फोन में मौजूद तस्वीरें भी डिलीट करा दी गई थीं. बाद में उसे एहसास हुआ कि पूरी शादी सुनियोजित तरीके से रची गई साजिश थी और वह ठगी का शिकार बन चुका है.
मामले की शिकायत मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी देवराज इंद्र ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह आशंका सामने आई है कि फर्जी पहचान के जरिए शादी कर लोगों से ठगी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है.
पुलिस ने पूछताछ के लिए खुद को दुल्हन की बड़ी बहन बताने वाली महिला और एक बिचौलिये को हिरासत में लिया है. वहीं फरार दुल्हन, एजेंट शकील और इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है.

