मोकामा (MOKAMA) : बिहार के मोकामा स्थित मरांची थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केले की आड़ में ले जाई जा रही लाखों रुपये की विदेशी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस ने एक पिकअप वाहन को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई को मरांची थाना की बड़ी सफलता माना जा रहा है.
विदेशी बीयर की पेटियां बरामद
एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मध्य निषेध इकाई से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के जियो पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई. ऊपर से वाहन में केले लदे हुए थे, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो केले के नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी बीयर की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं.
अनुमानित कीमत करीब 10 लाख
पुलिस ने कुल 1692 बोतल विदेशी बीयर, यानी 141 पेटियां बरामद की हैं. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. मौके से पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया.
वाहन के चालक की पहचान जसकरण जोशी, निवासी आसनसोल के रूप में हुई है. उसे गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की यह खेप समस्तीपुर ले जाई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर तस्करी की इस कोशिश को नाकाम कर दिया.
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. शराब तस्करी के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया कि शराब तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. हालांकि, पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर उनकी योजना विफल हो गई. मरांची थाना की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है. पुलिस ने कहा है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

