बिहार के जेलों में भी गूंज रहा छठ गीत, कुल 1200 से अधिक कैदी कर रहे हैं व्रत
आस्था का महापर्व छठ की छटा इतनी निराली है कि जब गीत कानों में सुनाई देती है तो लोग मंत्रमुग्ध होने से नहीं रह पाते हैं. बिहार के जेलों में भी छठ मनाई जा रही है जहां कैदी व्रत कर रहे हैं.
पटना: छठ की छटा इतनी निराली है कि बिहार से शुरू हुआ पर्व अब सात समंदर पार तक पहुंच गया है. इस पर्व की महत्ता ही तो है कि लोग बरबस ही विदेश तक से अपने घर खींचे चले आते हैं. वहीं जेल में बंद कैदी ही आस्था के इस पर्व से अछूते नहीं रहते हैं. इस बात का ध्यान जेल प्रशासन पूरी तरह रख रही है तभी तो राज्य के 52 जेलों में बंद कुल 1215 कैदी भी व्रत कर रहे हैं. छठ करने वाले कैदियों में 613 पुरुष हैं तो 602 महिला, वहीं पहली बार छठ करने वाले व्रती की संख्या 431 है. जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार 220 पुरुष बंदी तथा 211 महिला बंदी जेल में पहली बार छठ कर रहे हैं. इन सभी कैदियों को जेल प्रशासन पूजन सामग्री उपलब्ध करवा रही है साथ ही उनकी हर सुविधाओं का भी ख्याल रख रही है.
नहाय खाय से शुरू किया व्रत
महापर्व छठ के पहले दिन सभी कैदी व्रतियों ने नहाय खाय का अनुष्ठान किया जिसमें जेल प्रशासन ने सभी को अरवा चावल, चने की सब्जी तथा कद्दू के सब्जी उपलब्ध कराए. जेल में छठ पर्व मनाए जाने की वजह से माहौल पूरी तरह भक्तिमय है. जेल परिसर में ही अस्थायी घाट बनाए गए हैं जबकि पारंपरिक छठ गीत भी सुनाई दे रही है.
उपलब्ध कराया गया गंगा जल और अन्य सामग्री
राजधानी पटना में स्थित बेऊर जेल में 21 पुरुष और 16 महिला बंदी छठ व्रत कर रहे हैं. जेल परिसर में छठ का माहौल बना है. इसके साथ ही सभी अन्य बंदी एक दूसरे का सहयोग भी कर रहे हैं तथा भक्तिमय माहौल में आस्था का महापर्व मनाने की तैयारी कर रहे हैं. शुक्रवार को जेल प्रशासन ने व्रतियों को गंगाजल भी उपलब्ध कराया गया, ताकि वे नहाय-खाय के साथ पवित्रता और नियम-निष्ठा से महापर्व की शुरुआत कर सकें. छठ पूजा के लिए जेल परिसर स्थित तालाब की विशेष साफ-सफाई कराई गई है.
अस्थायी तालाब बनाए गए
छठ व्रत को लेकर जेल परिसर में अस्थायी तालाब बनाए गए हैं जिसमें शुद्धता के लिए गंगा जल मिलाया गया है. राज्य के बेऊर, मुजफ्फरपुर, बक्सर, भागलपुर समेत कुल 52 जेलों में 1215 कैदी छठ व्रत कर रहे हैं. व्रतियों को पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
